भिवानी। हरियाणा दिवस के अवसर पर चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय (सीबीएलयू), भिवानी में लोक संस्कृति एवं कला का भव्य आयोजन किया गया। उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (NCZCC), प्रयागराज, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में हरियाणा सहित देश के विभिन्न राज्यों की लोक कलाओं और सांस्कृतिक परंपराओं की मनमोहक झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम का आयोजन अधिष्ठाता छात्र कल्याण कार्यालय द्वारा कुलपति महोदया के दिशा-निर्देशों में किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलसचिव प्रो. भावना शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, प्रयागराज के निदेशक सुदेश शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस सांस्कृतिक उत्सव ने विश्वविद्यालय परिसर को लोक रंगों से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न राज्यों से आए लोक कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में हरियाणवी लोकनृत्य, सांग, लोकगायन और संगीत की शानदार प्रस्तुतियां दीं। ढोल-नगाड़ों और लोक संगीत की धुनों पर कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विशेष रूप से हरियाणवी लोक संस्कृति की प्रस्तुतियों ने प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया।

विरासत कला उत्सव के अंतर्गत नाटक, सूफी गायन, सांग, हरियाणवी लोकगायन, नागालैंड बैंड और युवा कवि सम्मेलन जैसी विविध सांस्कृतिक गतिविधियों को भी मंच प्रदान किया गया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों को देश की सांस्कृतिक विविधता, लोक परंपराओं और कला विरासत को करीब से जानने का अवसर मिला।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अन्य उपस्थित लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का उत्साहपूर्वक आनंद लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोक कलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ-साथ युवा पीढ़ी को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना रहा।हरियाणा दिवस के अवसर पर आयोजित यह सांस्कृतिक उत्सव विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का केंद्र बना रहा।

प्रातिक्रिया दे